10/06/2026
छपरा जंक्शन पर ट्रेन से लावारिस विदेशी शराब बरामद, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
छपरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं सीआईबी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 04137 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल एक्सप्रेस से भारी मात्रा में लावारिस विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया गया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर रविवार 7 जून 2026 को छपरा जंक्शन पर ट्रेन के आगमन के बाद आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान आरपीएफ टीम को कोच संख्या बी-1 के शौचालय के पास कुछ संदिग्ध पिट्ठू बैग दिखाई दिए।
जांच के दौरान बैग खोलकर देखा गया तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी हुई थी। पहले ग्रे रंग के बैग से मैजिक मोमेंट्स रिमिक्स फ्लेवर्ड वोडका की 10 बोतलें एवं ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 12 बोतलें बरामद हुईं। दूसरे काले बैग से मैजिक मोमेंट्स वोडका की 10 बोतलें तथा रॉयल स्टैग व्हिस्की की 13 बोतलें मिलीं। वहीं तीसरे बैग से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर की 16 कैन एवं रॉयल स्टैग व्हिस्की की 3 बोतलें बरामद की गईं।
बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 44 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 38,280 रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया गया है। इस मामले में रेल थाना छपरा में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विशाल, सहायक उप निरीक्षक बृज सुंदर कुमार, कांस्टेबल संजय यादव, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शाह, हेड कांस्टेबल रामसूरत यादव, कांस्टेबल मुकेश कुमार सिंह एवं कांस्टेबल अमित कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।