30/05/2026
देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही लू की स्थिति थम गई है, साथ ही अगले 24 घंटे के अंदर मध्य भारत में लू का प्रकोप थम जाएगा। वहीं 29 से 31 मई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। जबकि कई इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
IMD के अनुसार 1 से 4 जून के बीच पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बीच मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ने की संभावना है।