17/11/2017
उत्तर भारत के शिवसेना सम्पर्क प्रमुख विनय शुक्ला ने कहा है कि शिवसेना संस्थापक बाला साहब ठाकरे की प्रेरणा से आज पूरे देश में शिवसेना एक वैचारिक क्रांति के रूप में लगातार प्रभावशाली हो रही है। महाराष्ट्र से आए शिवसेना नेता शुक्ला शुक्रवार को अलवर के महावर ऑडिटोरियम में आयोजित हिन्दु ह्रद्रय सम्राट बाला साहेब ठाकरे की पांचवी पुण्यतिथि पर आयोजित संकल्प दिवस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होने कहा कि शिवसेना संस्थापक ठाकरे हिन्दुस्तान में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हिन्दुत्व की पताका को लहराने वाले प्रखर व्यक्ति रहे है। उनके विचार और कार्य आज भी प्रेरणादायक है। उन्होने कहा शिवसेना राजनीति के साथ-साथ अपने संास्कृतिक और सामाजिक दायित्व का निर्वाह करने वाला दिलेर संगठन है। कार्यक्रम में अतिथि वक्ता के रूप में राजस्थान के पूर्व संपर्क प्रमुख दिनेश बोहरा एवं महाराष्ट्र शिक्षक सेना के उप प्रमुख संजय शुक्ला ने भी विचार व्यक्त किये।
राजस्थान के वरिष्ठ नेता राजकुमार गोयल ने कहा कि शिवसेना प्रदेश के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। यह इस बात का संकेत है कि आमजन आज शिवसेना की तरफ काफी उम्मीद से देख रहा है। इससे पूर्व शिवसेना जिला प्रमुख मुकेश बावलिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संकल्प दिवस के अवसर पर प्रत्येक शिवसैनिक हिन्दुत्व एवं गौवंश की रक्षा के लिए हर कीमत पर कार्य करने का संकल्प ले रहे हैं, यही शिवसेना संस्थापक और हिन्दुत्व के प्रखर नेता बाला साहब ठाकरे के प्रति सच्ची श्रद्धाजंली है। इस अवसर पर शिवसेना के रीति नीतियों के प्रचार-प्रसार के उद्ेश्य से समाचार पत्र का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के भी नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों एवं शिवसैनिकों ने बाला साहब ठाकरे को श्रद्धा के साथ पुष्पाजंलि अर्पित की। शिवसेना के महाराष्ट्र से आए नेताओं का अलवर जिले की सीमा भिवाड़ी से ही स्वागत का सिलसिला आरंभ हुआ जो तिजारा, टपूकड़ा, किशनगढ़बास, चिकानी, पापडी, कटोरी वाला तिबारा व टैल्कों चौराहे तक लगातार जारी रहा। टैल्को चौराहे से शिवसैनिकों ने अतिथियों की अगुवाई में भगवा रैली निकाली। जो 200 फुट रोड़, नमन होटल, अग्रसेन चौराहा, प्रतापबास, बिजली घर चौराहा, केडलगंज, नगर परिषद,चर्च रोड़, गोपाल टाकीज, पुलिस कन्ट्रोल रूम, होपसर्कस, घण्टाघर, काशीराम चौराहा, भगतसिंह चौराहा, अबेंडकर चौराहा से होते हुए जेल चौराहे पर कार्यक्रम स्थल महावर ऑडिटोरियम पहुंची। रास्ते में शिवसैनिकों ने अपने नेताओं का जोरदार स्वागत किया। रैली में दोपहिया व चोपहिया वाहनों के साथ भारी संख्या में शिवसैनिक शामिल हुए।