09/04/2019
जल मानव जीवनयापन की एक महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है। दिन-प्रतिदिन बढ़ते जल प्रदूषण से आज घर-घर में वाटर प्योरिफायर लगते जा रहे हैं। आज बाजार में एक हजार रुपए से लेकर पचास हजार रुपए तक की कीमत वाले लगभग 71 नामों से (तालिका 1) वाटर प्योरिफायर्स उपलब्ध हैं। वाटर प्योरिफायर्स के विषय में एक आम व्यक्ति को वैज्ञानिक जानकारी बहुत कम है। एक आम व्यक्ति को तो यह जानकारी नहीं होती कि पीने योग्य पानी में क्या-क्या होना चाहिए तथा कितना होना चाहिए एवं क्या नहीं होना चाहिए? अतः इस विषय पर समाज के प्रत्येक नागरिक को जानकारी होनी आवश्यक है।
लेकिन यहाँ ये प्रश्न उठता है कि क्या हम जो जल वाटर प्योरिफायर्स से प्राप्त करते हैं वह हमारे लिये पूरी तरह से उपयोगी है? अधिकतर पेयजल आपूर्ति का कार्य प्रत्येक शहर में नगरपालिका/नगरनिगम द्वारा किया जाता है। परन्तु जल शुद्धिकरण के बारे में अल्पज्ञान एवं संसाधनों की कमी के कारण नगरपालिका/नगरनिगम अपना दायित्त्व पूर्ण रूप से नहीं निभा पाते हैं। यह स्थिति पूरे देश में बनी हुई है। यही कारण है कि आज अधिकतर लोग अपने घर में वाटर प्योरिफायर लगाकर शुद्ध जल प्राप्त कर रहे हैं।