23/04/2025
पहलगाम में आतंकी हमला: 26 पर्यटकों की मौत, दो विदेशी नागरिक भी शामिल
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हमला अनंतनाग जिले के बैसरन घाटी में हुआ, जो ‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ के नाम से प्रसिद्ध है। घटना के समय पर्यटक घुड़सवारी कर रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में मारे गए लोगों में दो विदेशी नागरिक—एक इज़रायली और एक इटली के नागरिक—भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, हमले को चार आतंकियों ने अंजाम दिया, जिनमें से तीन पाकिस्तानी और एक स्थानीय कश्मीरी था। आतंकियों ने पर्यटकों से उनका नाम और धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया। हमले के बाद सभी आतंकी फरार हो गए हैं, और सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब से गृह मंत्री अमित शाह को फोन कर स्थिति की जानकारी ली और उन्हें तुरंत पहलगाम जाने का निर्देश दिया। अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके हैं और उन्होंने सेना, सीआरपीएफ, और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि दोषियों को उनके कृत्य की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। 
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब घाटी में पर्यटन का सीजन चरम पर है, और बड़ी संख्या में पर्यटक वहां घूमने आते हैं। आतंकियों का उद्देश्य घाटी में डर का माहौल बनाकर पर्यटन को प्रभावित करना है।