22/07/2026
मुंबई... जिसे सपनों का शहर कहा जाता है। लेकिन अगर कोई यात्री इस शहर में कदम रखते ही ठगी और बदसलूकी का शिकार हो जाए, तो उसकी पहली याद कैसी होगी?
यह मामला मुंबई के सुप्रसिद्ध दादर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के बाहर का है, जहाँ कुछ टैक्सी चालकों की कथित दादागिरी और मनमानी ने एक यात्री का सफर कड़वा बना दिया।
वीडियो में दिखाई दे रहा यह व्यक्ति अपने आपको नेपाल का निवासी बता रहा है। यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस स्थान से मुंबई आया था, लेकिन दादर स्टेशन पर उतरने के बाद उसे एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 जाना था। इस व्यक्ति के अनुसार, उसके जैसे और भी तीन यात्री थे, जिन्हें एयरपोर्ट जाना था।
इनका कहना है कि एक टैक्सी चालक ने प्रत्येक यात्री से 200 रुपये किराया बताया। लेकिन पैसे लेते समय उसने कथित रूप से चालाकी करते हुए 100-100 रुपये के दो नोट कहकर इस व्यक्ति से 500-500 रुपये के दो नोट, यानी कुल 1,000 रुपये ले लिए।
जब इस यात्री को अपनी गलती का एहसास हुआ और वह अपने पैसे वापस मांगने गया, तो उसके साथ धक्कामुक्की की गई और उसे डराने की कोशिश की गई। उसके साथ वहां उपस्थित और भी टैक्सी वाले इकट्ठा हो गए।
ऐसे लोग न केवल यात्रियों को परेशान कर रहे हैं, बल्कि मुंबई जैसे महानगर की छवि भी धूमिल कर रहे हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि उस समय मौके पर कोई पुलिस अधिकारी दिखाई नहीं दिया, जिससे पीड़ित यात्री को तुरंत सहायता मिल सके।
इस वीडियो में उस यात्री की पीड़ा साफ़ सुनाई देती है। वह मुंबई से अच्छी यादें नहीं, बल्कि एक कड़वा अनुभव लेकर जा रहा है।
इस वीडियो के माध्यम से, मुंबई पुलिस, रेलवे प्रशासन और गृह मंत्रालय से विनम्र आग्रह करते हैं कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी प्रकार की अवैध वसूली, धोखाधड़ी या मारपीट हुई है, तो दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए और दादर स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी यात्री को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।