11/09/2026
आबादी भूमि में स्वामित्व योजना के हितग्राहियों की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए महाअभियान 17 सितंबर से
-------
स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं देना होगा, तहसीलदारों को सब-रजिस्ट्रार के अधिकार
------
जिले के ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में वर्षों से अपने घरों में निवास कर रहे परिवारों के लिए बड़ी राहत की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026’ के तहत सीधी जिले में आबादी भूमि के भू-अधिकार प्राप्त हितग्राहियों के दस्तावेजों की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए महाअभियान 17 सितंबर से प्रारंभ होगा।
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में ड्रोन सर्वे के माध्यम से भूमि एवं संपत्तियों का डिजिटल मानचित्रण कर अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं तथा हितग्राहियों को संपत्ति पत्रक भी वितरित किए गए हैं। अब इन अधिकार अभिलेखों को विधिवत पंजीकृत दस्तावेज का स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस प्रक्रिया में हितग्राहियों को स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। रजिस्ट्री पर होने वाला खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
बैंक से ऋण लेने में होगी आसानी
अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री होने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का मजबूत कानूनी दस्तावेज प्राप्त होगा। इससे उन्हें मकान निर्माण, कृषि विकास अथवा नया व्यवसाय शुरू करने जैसी आवश्यकताओं के लिए बैंकों से ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी। पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध होने से संपत्ति की वैधानिक स्थिति भी अधिक स्पष्ट होगी।
इसके साथ ही संपत्ति के स्वामित्व को लेकर होने वाले आपसी विवादों में कमी आने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी अभिलेखों के अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित होने की उम्मीद है।
गांवों में पहुंचकर होगी दस्तावेजी कार्यवाही
महाअभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले की सभी तहसीलों में प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। योजना के क्रियान्वयन में ग्राम पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पटवारी गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों की सूची, आवश्यक दस्तावेज एवं रजिस्ट्री से संबंधित कार्यवाही पूरी कराने में सहयोग करेंगे।
ग्रामीणों को रजिस्ट्री के लिए जिला मुख्यालय अथवा दूर स्थित पंजीयन कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को उप-पंजीयक (सब-रजिस्ट्रार) के अधिकार प्रदान किए गए हैं। इससे संबंधित तहसील स्तर पर ही पंजीयन की प्रक्रिया को गति मिलेगी और अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अभियान के दौरान संबंधित पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और अपनी संपत्ति की निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।