29/05/2026
जल जीवन मिशन 2.0 के तहत नई O&M नीति पर फरीदाबाद में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
फरीदाबाद।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत नई संचालन एवं रखरखाव (O&M) नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बीडीपीओ कार्यालय फरीदाबाद में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशिक्षु आईएएस एवं सहायक आयुक्त Muskan Srivastava ने की। कार्यक्रम में जिले के तीनों ब्लॉकों की 15 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं संबंधित ग्राम सचिवों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला आईईसी सलाहकार सत्यानारायण नेहरा द्वारा नई O&M नीति की विस्तृत जानकारी के साथ की गई। उन्होंने प्रतिभागियों को जल जीवन मिशन 2.0, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) की भूमिका एवं जिम्मेदारियां, बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया, O&M एमओयू प्रक्रिया, स्वयं सहायता समूहों (SHG) की भागीदारी, यूजर चार्ज संग्रहण तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर मुस्कान श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं की सफलता ग्राम स्तर पर जनभागीदारी एवं जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इंडियन बैंक की तिगांव, बल्लभगढ़ एवं फरीदाबाद शाखाओं के शाखा प्रबंधकों ने भी बैंक खाते खोलने एवं संचालन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तिगांव ब्लॉक के बहादुरपुर, फत्तूपुरा, सदपुरा एवं कौराली गांवों, बल्लभगढ़ ब्लॉक के पन्हेड़ा कलां, पन्हेड़ा खुर्द एवं सागरपुर तथा फरीदाबाद ब्लॉक के कंवरा कलां, खोरी जमालपुर एवं राजपुर कलां सहित अनेक ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे।
इस मौके पर उप मंडल अभियंता श्री महेश कुमार, विभाग के सभी जेई, WSSO स्टाफ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।